देवरिया के टीएसआई को अब फोटो और वीडियो से एलर्जी क्यों?
“मीठा मीठा गप गप
कड़वा कड़वा थू थू”
पांडे एन डी देहाती की रिपोर्ट
देवरिया। देवरिया के चर्चित टीएसआई राम वृक्ष यादव अपने कार्यों को लेकर सदा सुर्खियों में रहते हैं। यातायात को लेकर सड़क पर जितना एलर्ट राम वृक्ष रहते हैं शायद ही कोई टीएसआई इसके पूर्व रहा हो। देवरिया का बच्चा बच्चा उन्हें जानता है। उन्हें फोटो खिंचाने और वायरल करने का बड़ा शौक है। देवरिया में सड़कों पर कभी ई रिक्शा वालों को वाहनों के छत पर खड़ा कराकर फोटो, बच्चों के वाहन चलाने पर रोक कर फोटो, मास्क और हेलमेट के सैकड़ो फोटो , ईयर फोन छिनने, मोबाइल पर बात करने वालों को टोकने, यहाँ तक कि अपने परिवार और बच्चों के बीच भजन , गीत , गवनई, मस्ती के तमाम फोटो राम वृक्ष खुद सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। लेकिन 12 अप्रैल 21 को जब कुछ लोग एक बस चालक की सड़क पर लेटकर राम वृक्ष का विरोध कर रहे घटना का फोटो और वीडियो बना रहे थे तो राम वृक्ष को नागवार लगा और उन्होंने ऐसे लोगों से खराब व्यवहार किया।
शहर के कसया रोड निवासी राजकुमार निषाद एक निजी बस चलाते हैं। सिविल लाइंस रोड पर बस में सवारी भर रहे थे। इसी दौरान टीएसआई पहुंच गए और चालक की पिटाई कर दी। वह चिल्लाते हुए कचहरी चौराहे के पास पहुंच गया। पिटाई से नाराज चालक कलेक्ट्रेट गेट के पास सड़क के बीच में लेट गया। इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम से त्रस्त लोगों ने चालक से सड़क पर लेटने का कारण पूछा तो उसने अपनी साथ हुई घटना को बताया। सड़क पर लेटकर न्याय की गुहार लगा रहे बस चालक को देख लोगों की भीड़ जुट गई। लोग बस चालक का वीडियो और फोटो खींचने लगे तो टीएसआई राहगीरों पर भड़क गए। कुछ के साथ अभद्रता भी की। देवरिया मेंं निजी बस चालक बेलगाम तो हैैं इससे नहीं नकारा जा सकता। लेकिन राम वृक्ष को फोटो वीडियो से एलर्जी क्यों हो गयी? क्या मीठा मीठा गप्प और तीता तीता थू।
राम वृक्ष जी! सड़क पर वर्दी पहने सरकारी गाड़ी से पीठ टिकाए जब बांसुरी बजाने का फोटो शहरवासी देखे तो अच्छा लगा था कि सड़क पर चैन की बांसुरी बज रही है। किसी चालक की नौटँकी की फोटो से परेशानी क्यो हो गयी। आप लोकप्रिय हैं तो इस लोकप्रियता पर बट्टा नहीं लगना चाहिए।