स्टैंड वसूल रहे दलित युवक को दबंगों ने पीटा, तीन हिरासत में
देवरिया। जिले के लार बाजार में स्टैंड की वसूली कर रहे एक दलित युवक को दबंगों ने पीट दिया। पीड़ित दलित युवक घायलावस्था में थाने पर पहुंचा और लिखित तहरीर देकर अपना डाक्टरी मुआयना कराने की मांग की। पुलिस ने दलित युवक की सूचना पर मौके ए वारदात पहुंची। वहां से तीन आरोपितों को पकड़ कर थाने ले गयी। मुख्य आरोपित पुलिस को देखते ही भाग गया। रविवार को अपरान्ह हुई इस बारदात में देर रात तक न तो पीड़ित का डाक्टरी कराया गया और न ही केस दर्ज हुआ।
लार नगर पंचायत के टैक्सी स्टैंड का ठेका बरडीहा दलपति निवासी नीरज सिंह के नाम है। रविवार को अपरान्ह छपरा मोड़ स्थित स्टैंड पर आकाश प्रसाद ऑटो वालो से स्टैंड वसूल रहा था। कुछ मनबढ़ मौके पर आ गए और ऑटो चालक को पैसा देने से मना करने लगे । इस बात को लेकर दोनों तरफ से कहासुनी होने लगी । कुछ देर बाद आधा दर्जन युवक छपरा मोड़ पर पहुँच कर स्टैंड वसूल रहे आकाश की पिटाई कर दी । सूचना पर स्टैंड मालिक नीरज सिंह मौके पर पहुँच गए और घायल को लेकर थाने पहुंचे। इस मामले में घायल आकाश की तरफ से नामजद तहरीर दी गयी। देर रात तक इस मामले में कोई केस नहीं दर्ज हुआ। हालांकि पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में ले ली है।