मुलायम सिंह की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
लखनऊ। सपा संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत बिगड़ गयी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यादव को 24 घंटे के भीतर दोबारा अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। रविवार को उनके पेट में फिर से तकलीफ हो गई। सुधार न होने पर देर शाम उन्हें शहर के मेदांता अस्पताल में दोबारा भर्ती कराया गया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को शनिवार को ही डॉक्टरों ने अस्पताल से डिस्चार्ज किया था, लेकिन रविवार शाम को उनकी तबीयत फिर से खराब हो गई।
तीन दिन से अस्पताल में भर्ती मुलायम सिंह को शनिवार की सुबह ही अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। पेट में सूजन की शिकायत पर गुरुवार को उन्हें भर्ती कराया गया था। कोलोनोस्कोपी के बाद उन्हेंं आराम मिल गया था। शनिवार को छुट्टी मिलने के बाद वह घर चले गए थे, लेकिन रविवार शाम उनकी तबीयत फिर खराब होने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार उनकी सेहत में सुधार है।