सर्प दंश से कोटेदार के पिता की मौत
देवरिया। सर्प दंश से कोटेदार के पिता की मौत हो गयी। ग्रामीण सर्प दंश के बाद तुरन्त अस्पताल ले गए होते तो उसकी जान बच सकती थी, लेकिन वे लोग पिंडी स्थित सती स्थान पर ले जाकर झाड़फूंक कराने लगे। जब होश नहीं आया तो जिला अस्पताल ले गए जहाँ डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदपलिया गांव निवासी कोटेदार वकील कुमार गौतम रविवार की शाम ग्रामीणों में राशन वितरित कर रहे थे। उनके पिता रामवेलास गौतम (उम्र 58 वर्ष) राशन वितरण में सहयोग के लिए कमरे के अंदर रखी राशन की बोरी निकाल रहे थे। उसी दौरान खाद्यान्न की बोरियों के बीच छुपे कोबरा ने उन्हें दाई हाथ की अंगुली में काट लिया। चीख सुनकर मौके पर मौजूद कोटेदार, लेखपाल और अन्य ग्रामीणों ने उन्हें निकालकर कमरे को बंद कर दिया।
रामनगर से पहुंचे मुजाहिद अली ने सांप को जिंदा पकड़ कर एक डिब्बे में बंद कर दिया। परिजन इलाज कराने की बजाय रामवेलास को लेकर पिण्डी गांव के सती स्थान पर चले गए। झाड़-फूंक के दौरान तबीयत बिगड़ गई तब उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रामवेलास के तीन बेटों में वकील कुमार गौतम, चंदन और नंदन हैं। पत्नी लक्ष्मिना के साथ ही सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।