मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर में कोरोना ने दी दस्तक
देवश कुमार | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर जिले में उरुवा के हाटा बुजुर्ग गांव निवासी 49 वर्षीय एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह गोरखपुर में कोरोना संक्रमण का पहला मामला है। मरीज को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली में रहता था। जहां उसकी चार दिन पहले सांस लेने में दिक्कत हुई। इस पर उसके गांव के तीन साथियों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन शनिवार को सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। साथियों ने उनको दिल्ली में किसी दूसरे अस्पताल ले जाने की बजाय गोरखपुर लाने का फैसला किया। साथ में तीनों साथी भी दिल्ली से एम्बुलेंस में लौटे। एम्बुलेंस ने तीनों को उरुवा में उतारा। शाम चार बजे के बाद ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर बेटा अपने पिता को लेकर पीएचसी उरूवा पहुंचा। जहाँ डॉक्टर ने उसकी जांच कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बीआरडी के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मरीज को उनके परिजन शाम करीब सात बजे एम्बुलेंस से लेकर पहुंचे। उसकी सांस फूल रही थी। सीने में दर्द की शिकायत थी। वह पहले से बीपी और शुगर के मरीज हैं। उनकी हालत को देखकर डॉक्टरों ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। गले से लार का नमूना लेकर कोरोना जांच के लिए भेजा गया। प्राचार्य ने बताया कि मरीज की हालत को देखते हुए उसके सैम्पल की जांच सीबी नेट मशीन से कराई गई। यह मशीन करीब डेढ़ घंटे में रिपोर्ट देती है। रात करीब 10 बजे रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। इसकी सूचना फौरन कमिश्नर, डीएम और सीएमओ को दी गई। मरीज के साथ ही परिजनों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा पूरे गाँव को सील कर दिया गया हैं ।
The Newswala की खबरों का अपडेट पाने के लिए हमारे फेसबुक पेज The Newswala और ट्विटर The Newswala को लाइक करें और रहें हरदम देश दुनिया से लेकर देहात तक के खबरों से अपडेट