सोशल मीडिया पर झूठी पोस्ट करने वाले पर केस
देवरिया। जिले के लार थाने में व्हॉट्सप ग्रुप पर एक झूठी पोस्ट डालने के आरोप में एक युवक पर केस दर्ज हुआ। आरोपी युवक को गौरीबाजार से पकड़ कर लार पुलिस ने हवालात में डाल दिया।
बुधवार को लार के रावतपार अमेठिया गॉव के सामने कैश वैन से 20 लाख लूट के प्रयास की झूठी पोस्ट डालना एक कथित पत्रकार को महंगा पड़ा। लार के उप निरीक्षक संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 177 व 66 के तहत एक अज्ञात पर केस दर्ज किया है। इस मामले में गौरीबाजार से पोस्ट फारवर्ड करने वाले को हिरासत में लिया गया। गुरुवार को विधिक कार्रवाई पूरी कर लार थाने से युवक को छोड़ा गया।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक संजय कुमार अपने हमराहियों के साथ लार कस्बा के चनुकी मोड़ पर थे। पूर्वांचल दर्पण न्यूज नामक व्हॉट्सप ग्रुप में 9616956666 नम्बर से कैश वैन से 20 लाख लूटने के प्रयास की पोस्ट पड़ी थी। पुलिस जब पोस्ट पढ़कर मौके पर पहुंची तो पता चला कि रावतपार अमेठिया गॉव के सामने जिस लूट की सूचना पड़ी थी वह वास्तव में वाहन से धक्का लगने को लेकर मारपीट का मामला था। देवरिया के पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र के निर्देश पर पुलिस ने केस लिखकर आरोपित प्रेम कुमार यादव निवासी बनसईया, थाना गौरी बाजार जिला देवरिया को हिरासत में ले लिया।
इस सम्बन्ध में लार के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह गौर ने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस निगाह रखती है। कल गौरीबाजार के एक युवक ने लूट के प्रयास की झूठी पोस्ट डाली थी। जांच पड़ताल में मामला वाहन से ठोकर लगने के बाद दो पक्षों में हाथबाही का निकला। कप्तान साहब के निर्देश पर पोस्ट डालने वाले पर केस दर्ज कर हिरासत में लिया गया। मुचलका पर आरोपी को छोड़ा गया। विवेचना जारी है।