नेपाल में हैंडबाल टीम का प्रतिनिधित्व करेगी मंजुला
देवरिया। लार क्षेत्र के संजाव की बेटी एक बार फिर अपने गॉव, क्षेत्र, जिला ही नहीं देश का नाम रोशन करेगी। संजाव की मंजुला पाठक पुत्री विनोद पाठक नेपाल में होने जा रहे साउथ एशियन गेम 2019 में हैंडबाल टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। अंतर्राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी के चयन पर परिजनों के अलावा रिश्तेदारों व शुभचिंतकों में ख़ुशी की लहर है। गेम चार दिसंबर से दस दिसंबर तक आयोजित होगी। मंजुला के चयन पर जनपद के हैंडबाल खिलाड़ियों पर परिजनों में खुशी की लहर है। मंजुला वर्तमान समय में पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर में कार्यरत है। उसने विभिन्न अन्तरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। जिसमें मुख्य रूप से साउथ एशियन गेम 2016 में स्वर्ण पदक, एशियन गेम 2018 इंडोनेशिया में 6वां स्थान प्राप्त किया। मंजुला को उत्तर प्रदेश सरकार खेल के सर्वोच्च पुरस्कार रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड से सम्मानित कर चुकी है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके पिता शिक्षक विनोद कुमार पाठक, बाबा नग नारायण पाठक के अलावा स्टेडियम में जिला क्रीड़ा अधिकारी केके पांडेय व हैंडबाल के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने कहा कि मंजुला के अंदर प्रतिभा थी। जिसे सही दिशा मिला और वह निरंतर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर रही है।
मंजुला पाठक के टीम में चयन होने पर प्रबुद्ध जन कल्याण समिति के सह संरक्षक एन डी देहाती, सरयू पारणीय ब्राहम्ण समाज राजस्थान के प्रदेश सचिव अमरेश पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार व दैनिक जागरण के सिद्धार्थनगर प्रभारी ब्रजेश कुमार पाण्डेय, सिटी अस्पताल पीलीभीत के निदेशक डॉ मनोज कुमार पाठक आदि ने अपनी शुभकामना देते हुए बधाई प्रेषित किया है।
-डॉ एम के पाण्डेय की रिपोर्ट