बनकटा में शराब सेल्समैन की गोली मार कर हत्या
देवरिया। जिले में लचर कानून व्यवस्था और अपराधियों की धमक से लोगो में भय और आतंक का माहौल है। बीती रात जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र में शराब सेल्स मैन की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। बदमाश आराम से चले गए। बिहार बार्डर पर हुए इस हत्याकांड को लेकर दोनों प्रांतों की पुलिस के गस्त पर भी सवाल खड़े हो रहे है। वारदात बिहार से सटे बनकटा थाना क्षेत्र के ताली मठिया मार्ग पर मठिया सोठाचक गांव के पास हुई। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश बिहार की तरफ फरार हो गए। गोरखपुर के बड़हलगंज के परसार गांव के रहने वाले राजेश यादव (48) पुत्र रामनाथ यादव देवरिया के रामप्रवेश राय की मठिया सोठाचक गांव में स्थित देशी शराब की दुकान पर मुनीम का काम करते थे। मंगलवार की रात करीब 11 बजे वे दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार-पांच बदमाश पहुंचे। किसी बात को लेकर उनकी राजेश से नोकझोंक हो गई। इसी दौरान बदमाशों ने राजेश के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुन जब तक आसपास के लोग पहुंचे बदमाश बिहार की तरफ फरार हो गए। घटनास्थल से बिहार की सीमा बमुश्किल पांच सौ मीटर है। देशी शराब की दुकान सूनसान स्थान पर थी। घायल मुनीम ने अपने मोबाइल से दुकान मालिक को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने लहुलूहान मुनीम को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। सवाल यह भी खड़े हो रहे हैं कि कहीं यह मामला बिहार में शराब तस्करी को लेकर तो नहीं हुयी। बिहार बार्डर की ठेके की दुकानों से बड़े पैमाने पर बिहार को शराब की तस्करी की बातें भी समय समय पर सामने आती रहती हैं