लार थाने में चोरी, सिपाही पर सन्देह
देवरिया। जिले के लार थाने में चोरी हो गयी। चोरी हुई कि चोरी की गयी? या कीमती सामानों को पचाने के उपक्रम में चोरी की झूठी सूचना वरिष्ठ अफसरों को दी गयी। अब तो जांच के बाद ही खुलासा हो सकेगा। लार कस्बा में तैनात एक सिपाही पर स्टाफ के लोग आशंका जता रहे। कारण कि वह अपनी कार में नवलपुर, सलेमपुर और लार कस्बे के कुछ युवकों के साथ अक्सर रात में थाने पर आता जाता है। लार थाने परिसर में खड़े मेहरौना पुलिस चौकी द्वारा बरामद ट्रकों से सामानों की चोरी हो गयी। यह चोरी कोई और नहीं विभागीय ने की। ट्रक से शराब की पेटियां, जक, त्रिपाल, रस्से आदि लगातार गायब हो रहे थे। हद तो तब हो गयी जब थाने में खड़ी तीन ट्रकों की बैटरी भी चोरी हो गयी। जब दीवान सुदर्शन सिंह को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने लिखित शिकायत उच्चाधिकारियों को दी। लार थाने में बरामद किये गए वाहनों में सबसे अधिक संख्या में हरियाणा की शराब लदी ट्रकें हैं। मेहरौना बार्डर पर शराब लदी ट्रकें पकड़ कर थाने के सुपुर्द की गयीं। थाने परिसर में खड़ी ट्रकों से बैटरी, त्रिपाल, रस्से, जक व शराब चोरी हो गए। दीवान सुदर्शन सिंह ने इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। सवाल यह है कि जब थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। 24 घण्टे संतरी की ड्यूटी रहती है। पूरी रात पुलिस, होमगार्ड व चौकीदार का आना जाना रहता है। ऐसे में थाना परिसर से बरामद वाहनों से सामान गायब होना चर्चा का विषय बना है। विभाग में चर्चा है कि एक कारवाले सिपाही का यह काला कारनामा विभाग की वर्दी पर बट्टा लगा रहा है। चर्चा तो यहाँ तक है कि उक्त सिपाही कस्बा में तैनात है।
इस सम्बन्ध में सलेमपुर के सीओ वरुण मिश्रा ने कहा कि मामला सज्ञान में है। कार्रवाई होगी।