कुशीनगर मस्जिद में बिस्फोट, जांच शुरू
कुशीनगर। सोमवार को कुशीनगर के एक मस्जिद में अपरान्ह बिस्फोट की सूचना पर अफरातफरी मच गयी। मस्जिद के मौलबी ने इन्वर्टर की बैटरी के फटने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
विस्फोट कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव बैरागी पट्टी स्थित मस्जिद में सोमवार को दोपहर बाद हुआ। विस्फोट की जानकारी होते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। अफसर मौके की ओर रवाना हो गए। एसपी विनोद कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे और मातहतों से जानकारी ली। मस्जिद के मौलाना ने विस्फोट की वजह इंवर्टर की बैट्री फटना बताया। गांव के पश्चिम तरफ मस्जिद है। यहां प्रतिदिन नमाज अदा की जाती है। सोमवार को अपरान्ह साढ़े तीन बजे नमाज अदा की जाने वाली जगह पर अचानक तेज विस्फोट हो गया। विस्फोट होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग था कि विस्फोट के समय मस्जिद में लोग नहीं थे। एसओ संजय सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी आला अफसरों को दी। पुलिस मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।