ईंट भट्ठे पर डकैती,सीओ ने किया निरीक्षण

देवरिया। जिले के लार में बेख़ौफ़ बदमाशों ने बीती रात राम नगर के लालजी सिंह के ईंट भट्ठे पर डकैती की। एक दर्जन बदमाश पैदल ही भट्ठे पर पहुंचे। भट्ठे के पूरब स्थित एक कमरे में भट्ठे मालिक के पुत्र राजेश सिंह को बन्द करने के बाद बदमाश मजदूरों के आवास की तरफ बढ़े। बदमाशों ने मजदूरों की सरदार कमली देवी की पिटाई कर उससे नकदी व मोबाइल छीन लिए। उसके बाद बारी बारी से सभी कमरों से मजदूरों को निकाल कर मारपीट कर एक कमरे में बन्धक बना दिया। डेढ़ घण्टे तक मजदूरों के कमरों की सघन तलाशी कर सारा सामान बदमाश ले लिए। बदमाशों ने मजदूरों के जूठे खाने भी खा लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गयी। सबसे पहले 100 नम्बर की पुलिस पहुंची। थोड़ी देर बाद ही खरवनिया नवीन के चौकी इंचार्ज महबूब आलम पहुंचे। उसके बाद प्रभारी निरीक्षक लार विजय सिंह गौर और सीओ सलेमपुर वरुण मिश्र घटनास्थल का निरीक्षण किये और मजदूरों से बात कर घटना की जानकारी ली।
डकैती की सूचना सोशल मिडिया पर वायरल होने के बाद प्रिंट मीडिया के पत्रकार भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में मजदूरों ने बताया कि 12 लोग थे जो हमें मारपीट कर लुटे। हमारे 5 मोबाइल भी बदमाश लूट ले गए। सभी मजदूरों के पास से हजार दो हजार रूपये जो खाना खुराकी के थे सब बदमाश लूट ले गए। बदमाश अपने चेहरे गमछे से बाँध रखे थे और स्थानीय भाषा भोजपुरी में बात कर रहे थे। ज्यादातर बदमाश लोवर टीशर्ट में थे।