मगहरा चौराहे पर दो पिकअप की भिड़ंत, मिठाई की दुकान में घुसा वाहन

टक्कर से दुकान का काउंटर और मिठाइयां क्षतिग्रस्त, दुकानदार ने लाखों के नुकसान का लगाया अनुमान

देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र के मगहरा चौराहे पर शुक्रवार की भोर में दो तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक पिकअप अनियंत्रित होकर चौराहे पर स्थित राजू मद्धेशिया की मिठाई की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का काउंटर और उसमें रखी मिठाइयां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मगहरा चौराहे पर राजू मद्धेशिया की कोने पर चाय-मिठाई की दुकान है। शुक्रवार की भोर में देवरिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप की करूअना की ओर से आ रही दूसरी पिकअप से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। अचानक हुई तेज आवाज से चौराहे के आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

इसी बीच करूअना की तरफ से आ रही पिकअप चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे मिठाई की दुकान में जा घुसी। टक्कर के बाद दुकान में रखा काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें रखी मिठाइयों को भी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि एक पिकअप पर टमाटर लदे हुए थे।

आवाज सुनकर पहुंचे लोग, दोनों चालक फरार

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि एक पिकअप दुकान के अंदर घुसी हुई है। हालांकि, तब तक दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने धक्का देकर दुकान में घुसी पिकअप को बाहर निकाला। घटना के कारण चौराहे पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

यह भी देखें  सगी बहनों का अपहरण! आरोपी पुलिस हिरासत में

दुकानदार ने बताया लाखों का नुकसान

दुकानदार राजू मद्धेशिया के अनुसार, दोनों पिकअप की टक्कर और एक वाहन के दुकान में घुसने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यदि घटना के समय दुकान में कोई सो रहा होता या मौजूद रहता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। भोर के समय हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने दोनों पिकअप कब्जे में लीं

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पिकअप को अपने कब्जे में लेकर थाने चली गई। हादसे के बाद चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चर्चा होती रही।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!