रक्शा पहुंचे अखिलेश यादव, सुरेश यादव को दी श्रद्धांजलि; चार खिलाड़ियों को भी किया नमन

देवरिया के रक्शा गांव पहुंचे अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक सुरेश यादव को

देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को लार क्षेत्र के रक्शा गांव स्थित दर्शन सिंह यादव इंटर कॉलेज परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले देवरिया के चार युवा खिलाड़ियों को भी नमन कर उनके निधन पर शोक जताया।

अखिलेश यादव ने कहा कि धरती पर आने वाले हर व्यक्ति को एक दिन दुनिया छोड़कर जाना पड़ता है, लेकिन उसके विचार हमेशा जीवित रहते हैं। पूर्व विधायक सुरेश यादव के विचारों को आगे बढ़ाना और उनके बताए रास्ते पर चलना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बलिया और देवरिया की धरती वीरों की धरती रही है। यहां के लोगों ने हमेशा संघर्ष और साहस की मिसाल पेश की है।

चार युवा खिलाड़ियों की मौत पर दुख जताते हुए सपा अध्यक्ष ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे में चार युवाओं की असामयिक मौत से जिले में शोक का माहौल है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दिवंगत पूर्व विधायक के साथ ही खिलाड़ियों को भी याद किया गया।

2027 में सरकार बनाने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने पीडीए को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के वंचित, पिछड़े और उपेक्षित वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है।

यह भी देखें  दो बाइक चोर गिरफ्तार, 8 मोटरसाईकिल बरामद

उन्होंने कहा कि जो लोग अपमान और उपेक्षा महसूस कर रहे हैं, वे पीडीए की विचारधारा से जुड़ते हैं। ऐसे वर्गों को साथ लेकर चलना और उनकी आवाज उठाना जरूरी है।

कॉलेज परिसर में जुटे सपाई

पूर्व विधायक सुरेश यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में सपा नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अखिलेश यादव के आगमन को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां की गई थीं। उनके पहुंचने पर कार्यक्रम में दिवंगत पूर्व विधायक के योगदान और उनके विचारों को याद किया गया।

रक्शा में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में एकजुटता का संदेश भी दिया गया। वहीं, सड़क हादसे में चार युवा खिलाड़ियों की मौत का दुख भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!