साभार: एबीपी न्यूज़
पौड़ी गढ़वाल। जिले के सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ईको कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार में सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। लैंसडाउन थाने की क्षेत्राधिकारी अस्मिता के अनुसार, खाई से सभी आठ शवों को बाहर निकाल लिया गया है। दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए रिखणीखाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
योजना का फॉर्म भरकर लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार महिलाएं भगलवाण गांव की निवासी थीं। वे बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरने के लिए सिद्धखाल गई हुई थीं। वहां से अपना काम पूरा करके जब वे वापस अपने गांव लौट रही थीं, तभी कलवाड़ी बैंड के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में जान गंवाने वालों में चालक अनिल देवराड़ा (48 वर्ष), कांति देवी (45 वर्ष), रेखा देवी (42 वर्ष), सुमित्रा देवी (50 वर्ष), सुनीता देवी (45 वर्ष), धनेश्वरी देवी (46 वर्ष), सरोजनी देवी (38 वर्ष) और रजनी देवी (25 वर्ष) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री और पीएमओ ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट करके बड़े अस्पतालों में भेजा जाए।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के स्वजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है। स्थानीय विधायक दलीप रावत ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
स्रोत: एबीपी न्यूज़
