साभार: navbharatlive.com
क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के खिलाफ हेगले ओवल में जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम की पहली पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई। मेजबान टीम को पहली पारी में 356 रन पर समेटने के बाद अपनी पहली पारी खेलने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 116 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए। स्टंप्स के समय ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि भारतीय टीम न्यूजीलैंड के पहली पारी के स्कोर से अभी भी 240 रन पीछे है।
पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम को शून्य के स्कोर पर ही पहला झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने 21 रन बनाए और केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी निभाई। कप्तान शुभमन गिल 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ऋषभ पंत ने 23 रनों का योगदान दिया। केएल राहुल ने संयम दिखाते हुए 80 गेंदों में 25 रन बनाए और वे जैकब डफी की गेंद पर आउट हुए।
दिन की आखिरी गेंद पर झटका
दिन का खेल समाप्त होने की अंतिम गेंद पर नाथन स्मिथ ने वॉशिंगटन सुंदर को 10 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट कर भारत को छठा झटका दिया। सुंदर के आउट होने से भारतीय टीम की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। अब मैच के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने पहली पारी में फॉलोऑन बचाने और न्यूजीलैंड की बढ़त को कम करने की कठिन चुनौती होगी।
इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम ने अपने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत 5 विकेट पर 246 रन से आगे की। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। इसके बाद टॉम ब्लंडेल ने 211 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की पारी खेली। निचले क्रम में नाथन स्मिथ ने 26 रन, काइल जैमीसन ने 19 रन और मैट हेनरी ने 19 रन बनाए, जिससे कीवी टीम 356 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
आकाश दीप ने चटकाए 5 विकेट
भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज आकाश दीप सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार को 2-2 सफलताएं मिलीं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट हासिल किया।
स्रोत: navbharatlive.com
