सलेमपुर में जाम के आगे बेबस हुई जिंदगी! पिता को लेकर आधे घंटे तक रास्ता मांगता रहा बेटा, अस्पताल पहुंचने पर थम चुकी थीं सांसें

स्टेशन रोड पर अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग ने फिर खोली यातायात व्यवस्था की पोल, सब्जी दुकानों के सामने बेबस नजर आए जिम्मेदार

देवरिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार, दोनों तरफ फैली दुकानें और बीच में जिंदगी बचाने की आखिरी कोशिश। कार के भीतर पिता की बिगड़ती सांसें और बाहर रास्ता देने की गुहार लगाता एक बेबस बेटा। कभी वह लोगों से रास्ता छोड़ने की मिन्नत करता तो कभी किसी तरह वाहन निकालने की कोशिश। लेकिन सलेमपुर के स्टेशन रोड पर लगे जाम ने उसके हर प्रयास को बेअसर कर दिया। करीब आधे घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष चलता रहा। जब किसी तरह अस्पताल पहुंचा तो पिता की सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सलेमपुर की सड़कों पर अतिक्रमण और जाम से लोगों को कब मुक्ति मिलेगी?

 

मईल थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी 80 वर्षीय कलाधर मणि त्रिपाठी की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनकी हालत गंभीर देख पुत्र शंभू मणि त्रिपाठी उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर लेकर निकले। लेकिन गांधी चौक से आगे स्टेशन रोड पर पहुंचते ही उनका वाहन जाम में फंस गया।

 

सड़क की दोनों पटरियों पर लगी सब्जी की दुकानों और वाहनों की लंबी कतार ने रास्ता पूरी तरह संकरा कर दिया था। पिता की हालत लगातार बिगड़ रही थी। यह देख शंभू मणि त्रिपाठी ने कार का शीशा नीचे कर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगानी शुरू कर दी। वह लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन वाहनों की भीड़ के बीच उनकी बेबसी किसी काम नहीं आई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह वाहन जाम से बाहर निकला और अस्पताल पहुंचा। वहां चिकित्सक ने कलाधर मणि त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।

यह भी देखें  उत्तर प्रदेश के अमेठी में दलित प्रधान पति को जिंदा जलाया, एक गिरफ्तार

 

कार्रवाई होती है, फिर सड़क पर लौट आता है अतिक्रमण

 

सलेमपुर में जाम की समस्या कोई नई नहीं है। गांधी चौक से रेलवे स्टेशन रोड होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला मार्ग सुबह के समय सबसे ज्यादा जाम की चपेट में रहता है। सड़क की पटरियों पर सब्जी की दुकानें, ठेले, ई-रिक्शा और बेतरतीब खड़े वाहन आवागमन में बाधा बनते हैं। हालात ऐसे हैं कि कई बार पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

 

विडंबना यह है कि जाम की समस्या को लेकर पहले भी प्रशासनिक बैठकें हुईं, दुकानदारों को चेतावनी दी गई और अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए गए। इसके बावजूद कुछ समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। नवंबर 2025 में स्टेशन रोड पर फुटकर सब्जी की दुकानें नहीं लगाने का निर्णय भी लिया गया था। मई 2026 में पुलिस ने सड़क किनारे लगी दुकानों को निर्धारित सीमा के भीतर कराया था, लेकिन जाम की समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।

 

आखिर कब जागेगा प्रशासन?

 

इस घटना ने नगर पंचायत, पुलिस और तहसील प्रशासन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सड़क की पटरियां दुकानों और ठेलों के कब्जे के लिए हैं या आम नागरिकों के आवागमन के लिए? क्या किसी मरीज को अस्पताल पहुंचने के लिए भी जाम में जिंदगी की आखिरी सांसें गिननी पड़ेंगी?

 

जरूरत केवल एक दिन अतिक्रमण हटाने की नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और स्थायी व्यवस्था लागू करने की है। सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान, मालवाहक वाहनों से सामान उतारने का निश्चित समय, सड़क पर अवैध पार्किंग पर रोक और जाम वाले स्थानों पर नियमित पुलिस तैनाती जरूरी है।

यह भी देखें  अजना गांव में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

सीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी

 

सीओ गौरव सिंह ने बताया कि स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए कई बार सब्जी दुकानदारों के साथ बैठक की गई है। बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद जाम लग रहा है तो संबंधित दुकानदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About Author

Leave a Reply



🐄 गौ सेवा, प्रभु सेवा 🐄
जय श्री कृष्ण! जय गौमाता! 🙏

साथियों,
VMW TEAM FOUNDATION का यह अटूट संकल्प है कि हर महीने के अंतिम रविवार को हम अपनी गौमाताओं की सेवा के लिए एकत्रित हों। इसी कड़ी में, इस रविवार को हम गौशाला में हरे चारे की विशेष व्यवस्था कर रहे हैं।
गाय हमारी संस्कृति और आस्था का केंद्र है। उनकी सेवा से मिलने वाला संतोष और पुण्य अतुलनीय है।
🚩हम आप सभी धर्मप्रेमियों से तन, मन और धन से सहयोग की अपील करते हैं। आप अपनी सामर्थ्य अनुसार इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें*

आइए, मिलकर पुण्य के इस कार्य को सफल बनाएं।

You may have missed

error: Content is protected !!