लार के नेमा गांव में सनसनी: बरामदे में सो रही 62 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

नेमा गांव में सो रही बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा उपचार, सीओ सलेमपुर ने मौके पर पहुंचकर की जांच

नेमा गांव में बुजुर्ग महिला पर हमले के बाद घटनास्थल की जांच करती पुलिस टीम।
नेमा गांव में बुजुर्ग महिला पर हमले के बाद घटनास्थल की जांच करती पुलिस टीम।

देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र के नेमा गांव में घर के बरामदे में सो रही 62 वर्षीय महिला पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, नेमा गांव निवासी वकील राजभर की पत्नी सुभावती देवी (62) शुक्रवार की रात घर के बाहर बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला लहूलुहान हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें खून से लथपथ पाया। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, हमलावरों की तलाश

महिला पर हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी ली और हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी देखें  समाज विरोधी क्रिया कलाप में सक्रिय तीन आरोपियों पर लगा गैंगस्टर

सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि महिला पर हमला हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कई सवाल छोड़ गई वारदात

घर के बरामदे में सो रही बुजुर्ग महिला पर हमला किए जाने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अब ग्रामीणों की निगाह पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

 

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!