कतौरा गांव में क्षतिग्रस्त मिली डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा
देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कतौरा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का हाथ टूटा मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा स्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने दोषी की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडेय और रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।
अधिकारियों की ओर से नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
ग्राम प्रधान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
देवरिया पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान की तहरीर पर मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल प्रतिमा को किसने और किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त किया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
