साभार: दैनिक जागरण
वडोदरा। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को वडोदरा से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी असम के करीमगंज का रहने वाला मोहम्मद सहरुल इस्लाम बताया जा रहा है। एटीएस की टीम ने उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एटीएस अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया संदिग्ध वडोदरा स्थित वायु सेना स्टेशन पर अकेले ही हमला करने की फिराक में था। एटीएस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने इस सैन्य ठिकाने की रेकी की थी और अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें भी ली थीं। जांच में पता चला है कि उसे पाकिस्तान में मौजूद एक आका से निर्देश मिल रहे थे और वह वारदात को अंजाम देने के बाद पड़ोसी देश भागने की तैयारी कर रहा था।
बस स्टैंड के पास बिछाया गया था जाल
जानकारी के अनुसार, गुजरात एटीएस को अवैध हथियारों की खेप की आवाजाही के बारे में पक्की खबर मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने बीते दिन करीब रात नौ बजे जरोद बस स्टैंड के आसपास गुप्त रूप से घेराबंदी की। आरोपी एक सरकारी बस के जरिए जरोद पहुंचा था। जैसे ही वह बस से उतरा, पहले से मुस्तैद एटीएस टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
हथियारों के नेटवर्क की हो रही जांच
गिरफ्तारी के बाद एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड की टीम आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसे यह हथियार कहां से उपलब्ध कराए गए थे और क्या इस वारदात में कुछ स्थानीय या बाहरी मददगार भी शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई है।
स्रोत: दैनिक जागरण
