साभार: etvbharat.com
देवरिया। जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने खोराराम रोड के पास छापेमारी करके बिना किसी वैध लाइसेंस के विदेश भेजने का दफ्तर चला रहे एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 73 पासपोर्ट और गैर-GHC मेडिकल रसीदें बरामद की हैं। बड़ी संख्या में दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस अब इस पूरे तंत्र की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बिना लाइसेंस के चलाया जा रहा था दफ्तर
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर द्वारा चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि खोराराम रोड के करीब एक व्यक्ति टेक्निकल टेस्ट सेंटर के नाम पर बिना अनुमति और लाइसेंस के विदेश भेजने का काम संचालित कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी दिलवाने का लालच देकर अपने दफ्तर में बुलाता था। इसके बाद वह लोगों को झांसे में लेकर उनके पासपोर्ट, जरूरी कागजात और रुपए अपने पास जमा कर लेता था। लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि जल्द ही उन्हें विदेश भेज दिया जाएगा, लेकिन असल में उनके दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
फर्जी मेडिकल जांच का भी खुलासा
छानबीन के दौरान एक और तथ्य सामने आया। आवेदकों की मेडिकल जांच ऐसी पैथोलॉजी से कराई जा रही थी जो गल्फ हेल्थ काउंसिल (GHC) से रजिस्टर्ड नहीं थीं। इस तरह नियमों की अनदेखी कर युवाओं से ठगी की जा रही थी। पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अजय प्रताप सिंह (43) के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई
मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आपराधिक विश्वासघात और साजिश के कोण से भी जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद पांडे ने बताया कि बिना पंजीकरण के विदेश भेजने का काम किया जा रहा था। केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
स्रोत: etvbharat.com
