साभार: दैनिक भास्कर
देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रभुनाथ राय को उत्तर प्रदेश भोजपुरी अकादमी का नया उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस पद के साथ ही उन्हें दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी दी गई है। मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी प्रभुनाथ राय को यह जिम्मेदारी मिलने से पूरे जनपद और भटनी क्षेत्र के बासघांटी व घांटी बाजार इलाके के लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखी जा रही है।
मनोनयन की जानकारी सामने आने के बाद गुरुवार को भटनी क्षेत्र के बासघांटी में स्थित लालबहादुर शास्त्री लघु माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष बधाई एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों ने एकत्र होकर प्रभुनाथ राय को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
भोजपुरी लोक कला और भाषा के विकास की आस
कार्यक्रम के दौरान अपनी बात रखते हुए वक्ताओं ने कहा कि भोजपुरी सिर्फ एक बोली या भाषा नहीं है, बल्कि यह पूरे पूर्वांचल की लोक परंपरा, सामाजिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है। लोगों ने विश्वास जताया कि प्रभुनाथ राय के कुशल नेतृत्व में भोजपुरी भाषा के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलेगी।
वक्ताओं का कहना था कि अकादमी के उपाध्यक्ष के रूप में उनके कार्यभार संभालने से भोजपुरी साहित्य, लोकगीत, लोककला और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को काफी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक राकेश राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
सम्मान समारोह में बासघांटी और आसपास के क्षेत्र के अनेक लोग शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से राकेश सिंह, आदित्य सिंह, कृपानारायण सिंह, गौतम राय, बृजकिशोर राय, असनारायण यादव, ध्रुव देव सिंह, विजय प्रताप सिंह, सावरु यादव और संदीप पाण्डेय समेत कई अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
स्रोत: दैनिक भास्कर
