
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को सोनूघाट और तहसील स्थित आबकारी गोदामों का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे डीएम ने गोदामों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान कराया और कर्मचारियों से पूछताछ कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सोनूघाट स्थित देशी, विदेशी मदिरा और बीयर के लिए अनुज्ञापित तीनों गोदामों में स्टॉक की जांच की गई। मिलान के दौरान उपलब्ध स्टॉक अभिलेखों के अनुसार सही पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गोदामों में स्टॉक की उपलब्धता हर हाल में अभिलेखों के अनुरूप रखी जाए और आबकारी नियमों के अनुसार ही संचालन किया जाए।
उन्होंने गोदाम परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील स्थित आबकारी गोदाम का भी निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने रखरखाव, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आबकारी गोदामों के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी या अनियमितता मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।