मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न, दिए गए आवश्यक निर्देश
संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी
शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं मोहर्रम : जिलाधिकारी
शासन के दिशा निर्देशों का करें पालन- पुलिस अधीक्षक
देवरिया। पुलिस लाइन के प्रेक्षागृह में मोहर्रम पर्व को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से जनपद में मनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान सभी से इस पर्व को आपसी प्रेम-भाईचारे के साथ मनाए जाने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के रूट की साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति का रोस्टर पूर्व से ही निर्धारित होना चाहिए। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सभी पीएचसी व सीएचसी को पूर्णतः सक्रिय रखते हुए दवाओं आदि की उपलब्धता सुनिश्चित रखेगा। नामित नोडल अधिकारी, मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष आपसी समन्वय रखेंगे और इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराएंगे। डीजे संचालक प्रावधानों का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे। अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न हो तथा निर्धारित व परंपरागत रूट से ही ताजिया व जुलूस निकले, यह भी सुनिश्चित होना चाहिए। जुलूस वालंटियरों की सूची भी उपलब्ध होनी चाहिए। जुलूस के रूट पर यह व्यवस्था बने कि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
मोहर्रम पर्व मातम का त्योहार है। इसे शांति से मनाने के लिए सभी समुदाय आपसी समन्वय रखेंगे और इस पर्व को अच्छे माहौल में शांति एवं समन्वय के साथ मनाएंगे। अमन-चैन, शांतिप्रिय जनपद की पहचान रहा है। यह गौरवपूर्ण पहचान बनी रहे, इसके लिए सभी अपनी भागीदारी निभाएं और शांति, प्रेम व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीस कमेटी की मुख्य मंशा है कि हम सभी जनपद देवरिया में सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। कोई ऐसा मुद्दा न बनाएं जो विवाद का कारण बने। एक-दूसरे का सहयोग करें। असामाजिक तत्वों पर नजर रखें और उसकी सूचना प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को दें। शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। ताजिया की निर्धारित ऊंचाई 12 फीट से अधिक न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। बच्चों व युवाओं को सही रास्ता दिखाएं और कहीं वे गलत कदम उठाएं तो उन्हें रोकें, समझाएं और सही रास्ते पर चलने की सीख दें। उन्होंने सभी से बिना विवाद, शांतिपूर्ण एवं अच्छे वातावरण में पर्व मनाए जाने की अपील की।
आयोजित इस पीस कमेटी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने अब तक तैयारियों के विवरण में बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए 31 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है तथा तहसीलवार नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं, जो इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने हेतु शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी सभी से सुखद व शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाए जाने की अपील की। बैठक का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, डीएफओ, पीडी अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम आलोक कुमार पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्षगण, नामित नोडल मजिस्ट्रेटगण सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन आदि उपस्थित रहे।