प्रशासन के साथ डॉक्टरों की बैठक में बनी सहमति, नई तैनाती की जगह देंगे अपनी सेवाएं
योगेश कुमार /देवरिया
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने अपने कार्याकक्ष में प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से संवाद करते हुए उनके दायित्वों का बोध कराया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पवित्र कार्य है। मरीजों का बेहतर उपचार तथा स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी चिकित्सा अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी चिकित्साधिकारियों से अपने कार्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान चिकित्सा अधिकारियों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया। मुख्य विकास अधिकारी ने हाल ही में स्थानांतरित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य चिकित्सकों को भी अपने दायित्वों का सुचारु रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी देवरिया मधुसूदन हुलगी ने बताया कि सभी चिकित्सा प्रभारी बेहतर अधिकारी हैँ। सब लोग कल से नवीन तैनाती स्थल पर अपनी सेवाएं देंगे। समान्यतह तीन वर्ष पूरे होने पर सरकारी अधिकारी का दूसरी जगह तबादला हो जाता है। नई जगह के लोगों को भी बेहतर अधिकारियों की सेवाओं को लाभ मिलेगा.