रात में दुकान साफ! रोशनदान तोड़कर चोर ले गए राशन और सिलेंडर
लार। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरखौली में राम जानकी मार्ग के किनारे स्थित एक दुकान में रोशनदान के रास्ते घुसकर बीती रात अज्ञात चोरों ने गैस सिलेंडर, राशन समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार हरखौली निवासी नीतीश मद्देशिया पुत्र भोला की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर गैस सिलेंडर, राशन व अन्य सामान गायब मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि नशेड़ी प्रवृत्ति के कुछ युवक क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस की रात्रिकालीन गश्त प्रभावी नहीं होने से ऐसे लोगों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।