देवरिया के नए DM मधुसूदन हुल्गी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि को प्राथमिकता देने की घोषणा की

  • THE NEWSWALA | एडिटोरियल टीम | देवरिया | 6 मई 2026

देवरिया जिले को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिलाधिकारी का कार्यभार संभालते ही कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस और कृषि क्षेत्र में नवाचारों को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी। उनके इस स्पष्ट दृष्टिकोण से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन का मुख्य फोकस रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की बात कही, जिससे किसानों की आय और उत्पादकता में वृद्धि हो सके।

उन्होंने जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रशासन जनता के साथ सतत संवाद बनाए रखेगा। आम नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि उनका सीयूजी नंबर आम जनता के लिए उपलब्ध रहेगा, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं उनसे साझा कर सकें।

मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाकर प्रशासन को बेहतर कार्य करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं और सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्षम बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से देवरिया का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

यह भी देखें  यूपी चुनाव : देवरिया में चार फरवरी से होगा नामांकन

प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा की गुणवत्ता, कृषि से जुड़े मुद्दों और अन्य जनहित के विषयों को उठाया। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) राम शंकर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मधुसूदन हुल्गी मूल रूप से कर्नाटक के बेलगावी के निवासी हैं और इससे पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव तथा अपर आवास आयुक्त के पद पर कार्य कर चुके हैं। उनकी प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में देवरिया जिले में सुशासन और विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!