वर्चुअल बैठक से रहे नदारद, शिकायतों की प्रगति भी नहीं बताई; जवाब संतोषजनक न मिलने पर होगी कार्रवाई
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की सख्ती के बावजूद आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आई है। इस पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर ने दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक में भाटपाररानी के सब रजिस्ट्रार अनुपस्थित रहे। इसके अलावा शिकायतों के निस्तारण की प्रगति के संबंध में भी अपेक्षित जानकारी सामने नहीं आई। इसे गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने संबंधित अधिकारी से जवाब तलब किया है।
इसी बैठक में सलेमपुर के अधिशासी अभियंता भी शामिल नहीं हुए। शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर भी उनकी ओर से जवाब नहीं दिया गया। इस पर उनके खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन ने दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।