देवरिया: सड़क हादसों में चार लोग गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
एम के पाण्डेय
लार (देवरिया) क्षेत्र में बुधवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पहली घटना कुण्डौली चौराहे पर हुई, जहां सुबह बाइक से बाजार जा रहे दो लोग चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुण्डौली गांव निवासी अर्जुन सिंह (50) पुत्र गोपाल सिंह और नसीम (55) पुत्र महबूब आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
दूसरी घटना लार थाना क्षेत्र के अजना गांव स्थित दुर्गा ईंट भट्ठा के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मनीष पटेल (25) पुत्र शंकर पटेल निवासी बौरी थाना गुठनी, जिला सिवान (बिहार) तथा वकील प्रसाद (42) पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी मानिकपुर थाना मनियर, जिला बलिया शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चिकित्सक डॉ. एस.एन. सरस्वती, फार्मासिस्ट मोहन तिवारी और शमशाद आलम ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।