भारतीय शिक्षा बोर्ड (BSB) देगा 10+2 की मान्यता, मिर्जापुर में हुई महत्वपूर्ण बैठक

  • अभिजीत श्रीवास्तव,मिर्जापुर, द न्यूज़वाला

लोहिया तालाब स्थित डेफोडिल्स पब्लिक स्कूल में भारतीय शिक्षा बोर्ड (BSB) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एन.पी. सिंह (पूर्व आईएएस) ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विंध्याचल मंडल के तीनों जिलों से विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक मौजूद रहे। बैठक में बोर्ड की विशेषताओं और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

चेयरमैन डॉ. सिंह ने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड (BSB) एक पूर्ण वैधानिक और राष्ट्रीय बोर्ड है, जो केंद्र सरकार द्वारा स्थापित किया गया है। यह सीबीएसई के समकक्ष है और इसके प्रमाण-पत्र मान्य होंगे। उन्होंने कहा कि BSB की शिक्षा पद्धति में आधुनिक ज्ञान और भारतीय परंपराओं का संगम होगा। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कार्य कर रहा है और 10+2 की मान्यता प्रदान करेगा। इसकी सबसे खास बात यह है कि कक्षा 6 से ही रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि छात्र 12वीं तक पहुंचते-पहुंचते किसी न किसी कौशल में दक्षता हासिल कर सकें।

BSB से पढ़ाई करने वाले छात्र JEE, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। बोर्ड का उद्देश्य छात्रों में नैतिकता और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि भारत को अपनी प्राचीन ज्ञान परंपराओं को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ना चाहिए, जिससे देश का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।

इस अवसर पर DIOS माया राम और BSA अनिल वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजमोहन ने किया। वहीं, अमरदीप सिंह, योगी ज्वाला सिंह और अश्विनी कुमार पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

यह भी देखें  बबलू सिंह का लहरा परचम, पत्नी अनुभा बनी लार की प्रमुख

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!