जयपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी: 200 कमरे खाली, सैकड़ों कर्मचारी-अधिकारी बाहर निकाले गए

राजस्थान की राजधानी जयपुर के जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल आया, जिसमें दोपहर 3:30 बजे तक कलेक्ट्रेट में बम विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए।

धमकी के बाद कलेक्ट्रेट के करीब 200 कमरों को तुरंत खाली करवाया गया और सैकड़ों कर्मचारियों व अधिकारियों को परिसर से बाहर निकाला गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया और आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित बुडानिया ने बताया, “ईमेल में बाइक पर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) प्लांट करने और दोपहर 3:30 बजे विस्फोट करने का जिक्र था। हमने तुरंत कार्रवाई शुरू की और परिसर को खाली करा लिया।” जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सतर्कता बरतते हुए तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस अब उस अज्ञात शख्स की पहचान करने में जुटी है, जिसने यह धमकी भेजी। यह घटना हाल के दिनों में जयपुर में बम धमकियों की बढ़ती श्रृंखला का हिस्सा है, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

(रिपोर्टर: एम के पांडे ‘निल्को’)

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!