रोडवेज बस और कार में टक्कर
देवरिया । गौरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर चौराहे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार बस से टकरा गई। अनियंत्रित कार परिवहन निगम बस के अगले हिस्से में घुस गई। इस हादसे में कार सवार गोरखपुर निवासी पालीटेक्निक के शिक्षक जख्मी हो गए। देवरिया से सवारी लेकर परिवहन निगम की बस यूपी 70 ईटी 5358 शनिवार सुबह गोरखपुर जा रही थी।
गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर गौरीबाजार के रामपुर चौराहे के पेट्रोल पंप के समीप बस पहुंची थी। सुबह 6.45 बजे के करीब गोरखपुर के तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार बस के सामने टकरा गई और इंजन के भीतर तक घुस गई।
कार चला रहे दिनेश गौतम पुत्र स्व. द्वारिका गौतम गम्भीर रूप से घायल हो गए। दिनेश देवरिया स्थित राजकीय पालीटेक्निक में इलेक्ट्रिकल विभाग के अध्यक्ष हैं।
वह गोरखपुर के महादेव झारखंडी में रहते हैं। आसपास के लोगों ने दिनेश को किसी तरह कार से बाहर निकाल नजदीक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद सहमे बस यात्री अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हुए। दिनेश को डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।