जैन लूणिया दादावाड़ी की वार्षिक ध्वजा विधिवत संपन्न
महेंद्र सिंह, जैसलमेर | नगर के समीप स्थित 440 वर्ष प्राचीन जैन लूणिया दादावाड़ी में दादा गुरुदेव की वृहद् पूजा का आयोजन किया गया। प्रवक्ता पवन कोठारी ने बताया कि दादा जिन कुशल सूरीश्वर महाराज की प्रत्यक्ष दर्शन स्थली पर तत्कालीन लूणिया सेठ ने सिंध प्रांत के देराउर से आकर दादा गुरुदेव की चरण पादुकाएं स्थापित की थी।तब से आज तक इस स्थल पर पूजा अर्चना कर अनेकों श्रद्धालु लाभांवित हुए हैं।इस स्थल के शांत एवं दिव्य वातावरण में अनेक साधु संतों ने जप तप कर सिद्धि प्राप्त की है। वर्तमान में जैन ट्रस्ट जैसलमेर के संचालन में जिन कुशल मंडल द्वारा प्रतिदिन यहां पूजा भक्ति की जाती है।माघ वदि अमावस्या को गत वर्ष यहां कोठारी परिवार द्वारा ध्वज दंड स्थापित कर ध्वजा आरोहित की गयी थी।इस वर्ष भी ध्वजा आरोहित करने का लाभ फूंदी बाई हरी सिंह कोठारी की स्मृति में स्वरूप चंद विजय सिंह कोठारी परिवार द्वारा लिया गया। पंचामृत,केसर-चंदन,पुष्प, धूप, दीपक,अक्षत, नैवेद्य,फल, वस्त्र पूजा के पश्चात शुभ मुहूर्त में ध्वजा आरोहित की गयी।इस अवसर पर ट्रस्टी अर्जुन सिंह भंसाली, दीपक चौपड़ा, नेमीचंद जैन, प्रचार मंत्री वीरेंद्र राखेचा, राहुल चौरड़िया, नेमीचंद राखेचा, जसवंत भंसाली, पंकज कोठारी, अशोक जोशी, बुद्धाराम दाधीच, रमेश पुजारी,सवाई बरड़िया एवं पार्श्व महिला मंडल सहित सकल जैन संघ जैसलमेर के श्रावक श्राविकाएं उपस्थित रहे।
ख़बर को लेकर किसी विवाद, कॉपीराइट आदि के लिए संवाददाता जिम्मेदार होगा , जैसा उन्होंने भेजा है एडिटर ने वैसा पब्लिश किया है. द न्यूज़वाला किसी भी प्रकार से किसी भी मामले कि लिए जिम्मेदार नहीं होगा . यदि किसी ख़बर, फोटो को लेकर आपत्ति हो तो हमें बताये.