साभार: दैनिक भास्कर
देवरिया। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित बगहा मठिया गांव के पास मंगलवार दोपहर एक टैंकर से रिसाव होने के कारण बड़ी मात्रा में पेट्रोल सड़क किनारे और खेतों में बह गया। बैतालपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से पेट्रोल लेकर जा रहे इस टैंकर से अचानक रिसाव होने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खेतों में बहने लगा ज्वलनशील ईंधन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देवरिया जिले के बैतालपुर में स्थित इंडियन ऑयल डिपो से एक टैंकर पेट्रोल भरकर बैकुंठपुर की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 3 बजे टैंकर बरियारपुर थाना क्षेत्र के बगहा मठिया गांव के करीब पहुंचा ही था कि उसमें से पेट्रोल का रिसाव होने लगा। पेट्रोल का दबाव काफी अधिक था, जिससे देखते ही देखते भारी मात्रा में ईंधन सड़क के किनारे और पास के खेतों में फैल गया।
बाल्टी और ड्रम लेकर पहुंचे लोग
खेतों में पेट्रोल बहता देख आसपास के कई ग्रामीण बाल्टी और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए तथा बहते हुए पेट्रोल को इकट्ठा करने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। उधर, चालक ने शुरुआत में रिसाव बंद करने का प्रयास किया था, लेकिन जब पेट्रोल की धार तेज हो गई और लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, तो वह टैंकर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद किसी राहगीर ने डायल 112 पर सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से टला हादसा
घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण क्षेत्र में आग लगने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए टैंकर और आसपास के पूरे इलाके में पानी का छिड़काव शुरू कर दिया। वहीं पुलिस बल ने मौके पर जमा भीड़ को हटाकर स्थिति को संभाला।
पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और आग लगने की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि टैंकर में रिसाव किस वजह से हुआ और चालक टैंकर छोड़कर क्यों भागा।
स्रोत: दैनिक भास्कर
