साभार: navbharatlive.com
नई दिल्ली। त्योहारों और शादी-विवाह के आगामी सीजन के बीच राजधानी दिल्ली से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों का हवाई किराया काफी बढ़ गया है। पिछले 15 दिनों में उड़ानों के किराये में 50 प्रतिशत से लेकर दोगुने तक का इजाफा देखा जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखकर विमान कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू हो रहा है और इस समय छठ पर्व भी चल रहा है। बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाने और मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए यात्रा की योजना बना रहे हैं। हालांकि, हवाई जहाजों का बढ़ता किराया आम लोगों और मध्यम वर्ग की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरलाइंस त्योहारी सीजन का फायदा उठाकर यात्रियों से भारी किराया वसूल रही हैं।
सीटीआई सर्वे में किराये में उछाल का खुलासा
संस्था की ओर से किए गए एक सर्वे का हवाला देते हुए बृजेश गोयल ने बताया कि कुछ दिन पहले की तुलना में दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद जाने वाली उड़ानों का टिकट दर दोगुना तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि अचानक इस तरह किराया बढ़ाना आम यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है।
मांग और उड़ानों की कमी को इस समस्या का बड़ा कारण बताते हुए सीटीआई ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। संस्था ने मांग की है कि हर हवाई मार्ग पर किराये की एक अधिकतम सीमा यानी अपर कैप तय की जाए ताकि एयरलाइंस निर्धारित सीमा से अधिक राशि न वसूल सकें। इसके अलावा गंतव्य की दूरी और किलोमीटर के हिसाब से पारदर्शी फॉर्मूला बनाकर किराया निर्धारित किया जाना चाहिए।
व्यस्त रूटों पर उड़ानें बढ़ाने और नई एयरलाइंस की मांग
सीटीआई ने केंद्रीय मंत्री से दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूटों पर उड़ानों की संख्या यानी फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का भी अनुरोध किया है। संस्था का कहना है कि उड़ानों की उपलब्धता बढ़ने से यात्रियों को राहत मिलेगी और टिकट दरों में स्थिरता आएगी।
इसके साथ ही सीटीआई ने एविएशन सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए दो से तीन नई एयरलाइंस को सेवा शुरू करने की अनुमति देने का सुझाव दिया है। संस्था के अनुसार, केवल दो प्रमुख कंपनियों के भरोसे बाजार चलने से प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है। यदि नई कंपनियां क्षेत्र में आएंगी तो हवाई किराये में अपने आप कमी आएगी और आम जनता को सहूलियत होगी।
स्रोत: navbharatlive.com
