देवरिया में HIV संक्रमण की पहचान के लिए गांवों में विशेष अभियान, आठ स्थानों पर लगेंगे जांच शिविर
देवरिया में आठ स्थानों पर एचआईवी जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
छठ पर महानगरों से घर लौटे लोगों की होगी जांच, जिले में अब तक 5,244 संक्रमित चिह्नित; 18 नवंबर को होगा अभियान का समापन
देवरिया। छठ महापर्व पर दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत देश के महानगरों से घर लौटे लोगों के बीच एचआईवी संक्रमण की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले के आठ स्थानों पर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूक करने के साथ ही उनकी सहमति से एचआईवी की जांच करेंगी। अभियान का समापन 18 नवंबर को गौरीबाजार के भटौली बुजुर्ग में आयोजित शिविर के साथ होगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एचआईवी संक्रमण के मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के नौ हाई रिस्क जनपदों में देवरिया भी शामिल है। इन जिलों में आगरा, आजमगढ़, देवरिया, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, कानपुर नगर, लखनऊ और मेरठ शामिल हैं। जिले में अब तक 5,244 एचआईवी संक्रमित लोगों की पहचान की जा चुकी है। संभावित संक्रमितों की पहचान और संक्रमण के वास्तविक आंकड़े जुटाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिले की आबादी करीब 35 लाख है। रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे महानगरों में रहते हैं। त्योहारों के दौरान इनके गांव लौटने पर स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है, जिन्हें एचआईवी संक्रमण का खतरा हो सकता है। अभियान की जिम्मेदारी ब्लाक स्तरीय सीएचसी और पीएचसी पर संचालित एकीकृत परामर्श एवं जांच केंद्र (आईसीटीसी) के कर्मचारियों को सौंपी गई है।
आठ स्थानों पर आयोजित हो रहे जांच शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बरहज के बालूछापर पंचायत भवन, लार के चुरिया, रामपुर कारखाना के हरपुर कला, देसही देवरिया के बैजनाथपुर, पथरदेवा के बंजरिया, सदर क्षेत्र के मधवापुर बैकुंठपुर, भाटपाररानी के लाखोपार और गौरीबाजार के भटौली बुजुर्ग में शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें कई स्थानों पर जांच शुरू हो चुकी है। 18 नवंबर को भटौली बुजुर्ग में अंतिम शिविर आयोजित किया जाएगा।
दवा से सामान्य जीवन जी सकते हैं संक्रमित
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति नियमित दवा के सहारे सामान्य जीवन जी सकते हैं। छठ पर्व पर बड़ी संख्या में लोग घर लौटे हैं। ऐसे में गांवों में शिविर लगाकर जांच कराई जा रही है। लोगों को संक्रमण छिपाने के बजाय स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने और चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
