साभार: दैनिक जागरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का प्रसामान्यीकृत अंक (स्कोरकार्ड) जारी कर दिया है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थी बोर्ड के अधिकृत पोर्टल uppbpb.gov.in पर विजिट करके अपना प्राप्तांक चेक कर सकते हैं।
भर्ती बोर्ड की ओर से स्कोरकार्ड देखने की सुविधा 16 नवंबर 2026 से शुरू कर दी गई है। उम्मीदवार 15 दिसंबर 2026 तक वेबसाइट के माध्यम से अपने अंक देख पाएंगे। ज्ञात हो कि इस भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम 14 अक्टूबर को ही घोषित किया गया था, जिसमें विभिन्न संवर्गों की मेरिट लिस्ट अलग-अलग जारी की गई थी।
स्कोरकार्ड चेक करने की प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को अंक देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाना होगा। मुख्य पृष्ठ पर दिए गए प्रसामान्यीकृत अंक से जुड़े लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपनी रजिस्ट्रेशन संख्या और जन्म तिथि दर्ज कर पोर्टल में साइन इन करें।
साइन इन करने के बाद स्क्रीन पर दिए गए स्कोर वाले विकल्प का चयन करें। इसके तुरंत बाद अभ्यर्थी की पंजीकृत ईमेल आईडी पर अंक भेज दिए जाएंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी ईमेल आईडी को एक्टिव रखें। किसी भी प्रकार की तकनीकी परेशानी होने पर अभ्यर्थी पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पडेस्क नंबर के जरिए अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
विभिन्न पदों का विवरण
इस भर्ती अभियान के तहत नागरिक पुलिस में महिला और पुरुष के 10,469 पदों पर उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इसके साथ ही पीएसी एवं सशस्त्र पुलिस (केवल पुरुष) के 15,131 पद, विशेष सुरक्षा बल (केवल पुरुष) के 1,341 पद और महिला बटालियन के 2,282 पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जेल वार्डर भर्ती के तहत पुरुषों के 3,279 पदों और महिलाओं के 106 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं माउंटेड पुलिस यानी घुड़सवार पुलिस के 71 पदों पर भी योग्य उम्मीदवारों का चयन हुआ है।
स्रोत: दैनिक जागरण
