देवरिया : पत्नी के साथ दुष्कर्म और मारपीट करने वाला दरोगा गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बेहद चौंका देने वाला मामला सामने आया है यहाँ कि पुलिस के एक दरोगा को पत्नी के साथ अप्राकृतिक संबंध, दहेज एवं मारपीट करने के आरोप में गोरखपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता ने रामपुर कारखाना थाना में मार्च में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी तथा जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर रामपुर कारखाना पुलिस ने आरोपी दरोगा को गोरखपुर के पादरी बाजार से गिरफ्तार किया तथा उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, दारोगा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में चर्चा बनी हुई है।
रामपुर कारखाना थानाप्रभारी मनोज कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी दरोगा विजय तिवारी का विवाह 2014 में देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। बताया जाता है कि पति-पत्नी के आपसी संबंध ठीक नहीं हैं तथा महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल में उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न शुरू हो गया था। उसने पति पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि आरोप है कि वर्ष 2017 में दरोगा ने महिला को मारपीट करके घर से निकाल दिया था, लेकिन परिवार के समझाने-बुझाने के बाद वह फिर ससुराल आ गई, इसके कुछ दिन बाद दरोगा और उसका परिवार 20 लाख रुपये की मांग करने लगे। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर रामपुर कारखाना थाने में मार्च महीने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही थी जिसके बाद पुलिस ने आरोपी टीएसआई को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया तथा वहाँ से आरोपी दरोगा को जेल भेज दिया गया।