पीठासीन की गलती और पिट गयी पुलिस

चित्र परिचय: लहूलुहान दरोगा आशुतोष कुमार

देवरिया। जिले में पंचायत चुनाव में एक पीठासीन की छोटी से गलती से बड़ा बखेड़ा हो गया। ग्रामीण आक्रोशित हो गए। थाने से सटा गाँव होने की वजह से मुकामी पुलिस ढुलमुल नीति अपना रही थी। जब दूसरे थाने की फोर्स सहित कुछ अधिकारी पहुंचे तो ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। आक्रोशित ग्रामीण प्रशासन से उलझ गए। जमकर पथराव हुआ। कई अधिकारियों पर पत्थर गिरे। पुलिस के एक तेज तर्रार दरोगा कुछ सिपाहियों को लेकर आक्रोशित लोगों को कंट्रोल करने के लिए आगे बढ़े तो सिपाही और दरोगा पथराव में घायल हो गए। दरोगा का सर फट गया। खून से खाकी लाल हो गयी। खामपार थाना क्षेत्र के खामपार लाला टोला कन्या जूनियर हाईस्कूल में मतदान के बाद एक महिला मतदानकर्मी के निजी वाहन से मत पेटिका ले जाने को लेकर सोमवार की रात बवाल बढ़ गया। महिला कर्मचारी मत पेटिका को ट्रक में ले जाने की बजाय अपनी गाड़ी से ही मत पेटिका लेकर निकल गई। इसके बाद ग्रामीण तरह-तरह का आरोप लगाने लगे।एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ल व सीओ पंचमलाल पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। कहा कि मत पेटिका मंगा दी जा रही है, उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं किया गया है। लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुएऔर प्रशासन पर पथराव कर दिए। खामपार की पुलिस ढुलमुल नीति अपना रही थी। बाद में भाटपाररानी थाने में तैनात उप निरीक्षक आशुतोष कुमार, खामपार थाने में तैनात सिपाही धर्मेंद्र यादव, अभिषेक कुमार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आगे बढ़े। ग्रामीणों ने जबरदस्त पथराव किया जिसमें तीनो घायल हो गए। सभी का स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।

यह भी देखें  बदलता मौसम बढ़ा रहा है हार्ट अटैक और फ्लू का खतरा

देवरिया से पांडे एन डी देहाती

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!