हॉस्टल के बाहर दो पक्षो में झड़प, चली गोली
प्रयागराज | जनपद में कर्नलगंज थाना क्षेत्र में विश्वविद्यालय के हालैंड हाल छात्रावास के बाहर शनिवार की रात दो पक्ष भिड़ गए। झगड़े के बाद एक युवक ने फायरिंग की। लड़कों ने उसे दौड़ाया तो वह बाइक लेकर गिर पड़ा। इसके बाद पैदल ही भाग निकला। पुलिस को मौके से आरोपी की बाइक मिल गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक हालैंड हाल में आता जाता था। उसके साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
हालैंड हाल छात्रावास में काफी समय से दो पक्षों में वर्चस्व को लेकर तनातनी चल रही है। पहले भी दो पक्ष भिड़ चुके हैं। शनिवार की शाम भी इसी बात को लेकर छात्रावास के गेट पर दो पक्ष भिड़ गए। बात बढ़ी तो एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और फायरिंग कर दी।इसके बाद लड़कों ने युवक को दौड़ा लिया। उसी समय उसकी बाइक फिसल गई।

आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर कर्नलगंज फोर्स के साथ पहुंच गए। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि मौके से मिली बाइक अनुभव सिंह की है। वह हालैंड हाल के एक कमरे में आता जाता था। संभवत: अवैध रूप से वहीं रहता भी था। उसी ने फायरिंग की है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। अनुभव सिंह के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
प्रयागराज से जर्नलिस्ट सुरज सिंह की रिपोर्ट