हथियार के बल पर व्यवसायी से लूट
देवरिया। यूपी-बिहार बॉर्डर पर अपराधियों की गतिविधियां तेज हैं। बदमाशों में पुलिस का भय समाप्त होता दिख रहा। पिकेट पर पुलिसकर्मी नहीं दिखते। बनकटा थाना क्षेत्र के औगा गाव के समीप तकादा कर आ रहे भाटपार के एक व्यवसायी को बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश बाइक से थे। लूट के बाद बदमाश बिहार की तरफ चले गए। सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुरा निवासी अनिल चौरसिया पुत्र श्रीकिशुन चौरसिया भाटपाररानी के दुर्गा मंदिर रोड पर दुकान चलाते हैं। साथ ही उनके सामान की आपूर्ति बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी किया जाता है। शुक्रवार को वह बाइक से बकाया की वसूली करने के लिए क्षेत्र में गए थे। वसूली कर वह लौट रहे थे, अभी वह औगा गाव के समीप पहुंचे थे कि अचानक बाइक सवार दो बदमाश आ गए और उनको असलहा लगाकर उनके बाइक की चाभी निकाल ली। साथ ही उनके पास मौजूद पौने दो लाख रुपये ले लिया। इसके बाद वह फरार हो गए। इतना ही नहीं, बदमाश इनका मोबाइल भी ले लिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है। बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास चल रहा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
