हे मातृभूमि – वीरांगनाओं द्वारा किया गया छात्रसंघ कार्यलय का उद्घाटन
दिनांक 20 फरवरी 2020 को राजस्थान विश्वविद्यालय के विधि विभाग का छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन “हे मातृभूमि” अमर शहीदों की वीरांगनाओं व उनके परिजनों द्वारा किया गया । विधि विभाग के अध्यक्ष केशव मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान के पुलवामा शहीदों की वीरांगनायें व उनके परिजनों समेत कुल 15 वीरांगनाएं प्रदेशभर से पधारीं थीं । इस अवसर पर कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि व वीरांगना अभिनंदनकर्ता के रूप में सीकर सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, जयपुर शहर के सांसद रामचरण बोहरा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व केबिनेट मंत्री यूनुस खान, एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री अर्जुन तिवाड़ी, राज्य वित्त आयोग की पूर्व अध्यक्षा डॉ. ज्योति किरण, धोद से पूर्व विधायक गोवर्धन वर्मा, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता नीलम मिश्रा, सीकर के पूर्व जिला कलेक्टर नरेश ठकराल, एड. सुभाष चंद्र मिश्रा, बलवंत चिराना, गोविंद सैनी, रमा शेखावत, जितेश शर्मा,मदन जांगिड़ समेत पूरे प्रदेशभर से पधारे अतिथियों ने वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर व प्रतीक चिह्न देकर अभिनंदन किया । उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए सीकर के सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि वीरांगनाओं का सम्मान करना और उनकी कुशलक्षेम जानना हर नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए । जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा ने बताया कि शहीदों का ऋण हम कभी नहीं चुका सकते । भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने बताया कि वीरांगनाओं हेतु हर सरकार को हर प्रकार की सहायता दी जानी चाहिए । पूर्व केबिनेट मंत्री यूनुस खान ने कहा कि वीरांगनाओं का सम्मान ही देश का सम्मान है । राज्य वित्त आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. ज्योटी किरण ने कहा कि यह विश्व का सबसे अनूठा आयोजन है जहां वीरांगनाओं का वन्दन कर वीरांगनाओंऔर उनके परिजनों से छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन कराया जा रहा है । मुख्य वक्ता व एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री अर्जुन तिवाड़ी ने बताया कि देश के जवानों को सदैव सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए । धोद के पूर्व विधायक गोवर्धन वर्मा ने कहा कि विधि विभाग द्वारा ऐसे आयोजनों से छात्रों की रचनात्मकता का पता चलता है ।
इस अवसर पर सीकर की नंदिनी त्यागी व अंकित अवस्थी ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी । कार्यक्रम संयोजक विश्वप्रकाश चारण, मानवशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष कपिल भींचर, दिनेश कविया व अभयनाथ देवड़ा ने बताया कि इस अवसर पर वीररस के प्रसिद्ध कवि सोहनदान चारण व रामावतार नागर ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया । इस अवसर पर विधि विभाग के विभागाध्यक्ष व अधिष्ठाता डॉ. गोविंद सिंह राजपुरोहित ने बताया कि राजस्थान विश्वविद्यालय के विभागों में उस छात्र को छात्रसंघ अध्यक्ष बनाया जाता है जो सबसे अधिक अंक प्राप्त करता है और जो द्वितीय स्थान पर रहता है उसे महासचिव बनाया जाता है । साथ ही जो छात्र प्रवेश परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करता है उसे उपाध्यक्ष व दूसरे स्थान वाले को संयुक्त सचिव बनाया जाता है । कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान विश्वविद्यालय प्रांगण जयपुर के प्रतिष्ठित मानविकी सभागार में हुआ जिसका संचालन राष्ट्रीय उद्घोषक राजेन्द्र मधुकर ने किया । विधि विभाग छात्रसंघ की महासचिव आरजेएस में सातवीं रैंक प्राप्त हिमानी जैन, उपाध्यक्ष श्वेता मीणा, महासचिव जितेंद्र कुमार मीणा ने उपस्थित वीरांगनाओं, अतिथियों व जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं राजस्थान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, राजस्थान ब्राह्मण यूथ विंग के पदाधिकारी एवं छात्र छात्राओं समेत बड़ी संख्या में सीकर से आये युवा एवं अतिथियों ने वीरांगनाओं पर पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत अभिनंदन वंदन किया।