शिक्षा का मंदिर बना संघर्ष का मैदान, आठ लोग घायल
देवरिया के गौरी बाज़ार के जूनियर हाईस्कूल इंदूपुर प्रथम में प्रधानाध्यापक पद को लेकर विवाद चल रहा है। इसी गांव की रहने वाली पूनम सिंह और कुसुम सिंह के बीच वरिष्ठता को लेकर विवाद चल रहा है। 29 जनवरी से यह विवाद और गहरा गया। मामले की जानकारी बीईओ को दी गई। लेकिन उन्होंने कोई हल नहीं निकाला। बताया जा रहा है कि कुसुम सिंह चार फरवरी को अवकाश पर चली गईं और मंगलवार को लौटीं। उन्होंने इसी विद्यालय में सहायक अध्यापक अपने बेटे को जार्च दे दिया। आरोप है कि कुसुम सिंह बैक डेट से हस्ताक्षर बना रही थीं। बुधवार को सुबह 10 बजे पूनम सिंह ने इसका विरोध किया। इसको लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग लाठी, फरसा और चाकू लेकर स्कूल में पहुंच गए। खूनी संघर्ष में एक पक्ष की पूनम सिंह, अमित सिंह , दीपक सिंह, आदित्य सिंह, अंकित सिंह और दूसरे पक्ष के आलोक सिंह, नवनीत सिंह, संजय सिंह सहित कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन सभी को सीएचसी गौरीबाजार पहुंचाया गया। वहां से स्थिति गंभीर देखकर दीपक सिंह, अमित सिंह और आदित्य सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बाबत गौरीबाजार के थाना प्रभारी विजय सिंह गौर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच-पड़ताल की गई। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।