सांसदों के खाने की सब्सिडी खत्म करने की तैयारी
दिल्ली। प्रबुद्धजनों की काफी दिन पहले से उठाई गयी मांग को सरकार मान लेने के पक्ष में है। सांसदों को खाने पर दी जाने वाली सब्सिडी खत्म होगी।
17 करोड़ रुपये सालाना है कैंटीन का बजट
संसद की कैंटीन में सांसदों को मिलने वाली सब्सिडी अब खत्म हो सकती है. संसद में सांसदों को खाने पर जो छूट मिलती थी, अब वह जल्द ही खत्म की जा सकती है. यानी अब संसद की कैंटीन में खाने की लागत के हिसाब से ही सांसदों को पैसा देना होगा. इसको लेकर अधिकतर पार्टियों में एकमत हो गया है.
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के सुझाव के बाद बिजनेस एडवाइज़री कमेटी ने इस मुद्दे पर चर्चा की थी. जिसमें सभी पार्टियों ने इस मसले पर सहमति जताई है. अगर संसद की कैंटीन से सब्सिडी को हटा दिया जाता है तो इसमें 17 करोड़ रुपये सालाना की बचत होगी.
बता दें कि पिछली लोकसभा में कैंटीन में खाने का दाम बढ़ाया गया था और सब्सिडी का बिल कम कर दिया गया था. लेकिन अब सब्सिडी को पूरी तरह से खत्म करने की तैयारी है.
संसद की कैंटीन में मिलने वाली सब्सिडी कई बार विवादों का हिस्सा रही है. बीते दिनों संसद की कैंटीन की रेट लिस्ट भी वायरल हुई थी. सब्सिडी के तहत देश के सांसदों के संसद की कैंटीन में खाना काफी कम दाम पर मिलता था.