महराजगंज में 13 लाख की लूट ने सुरक्षा की खोली पोल
महराजगंज। दिन भर आतंकियों के आने की खबर। चारो ओर एलर्ट के दावे। इन्हीं दावों के बीच महराजगंज के फरेन्दा में एक बैंक से 13 लाख की लूट ने सुरक्षा की पोल खोल दी। अब जैसे साँप जाने के बाद अक्सर लकीर पिटी जाती है वही हाल हैं। एचडीएफसी बैंक जहाँ घटना घटी है वहा और शहर के सभी प्रमुख मार्ग पर बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला जा रहा है। बैंक के कैशियर शिवम ओझा ने बताया कि वह गुरुवार को काउंटर पर बैठ कैश बांट रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश बैंक के अंदर घुसते ही असलहा निकाल लिया। इससे लोगों में दहशत व भगदड़ मच गई। बदमाश काउंटर के अंदर घुस गए। चार बदमाश दो बाइक से एचडीएफसी बैंक पहुंचे थे। दो हेल्मेट पहने थे। दो बदमाश टोपी व चेहरे पर मास्क लगाए थे। चारों के पास दो-दो असलहा था। काउंटर पर पहुंच कैशियर पर असलहा तान दिया। काउंटर से पांच लाख रुपया लूटा। पैसा कम देख धमकाकर कर बदमाशों ने बैंक का चेस्ट खुलवाया। कुल 16 लाख रुपया लूटा, लेकिन इसमें से तीन लाख रुपया काउंटर पर ही छूट गया। 13 लाख रुपया लेकर चारों बदमाश फरार हो गए। इस सम्बंध में एसपी रोहित सिंह सजवान ने कहा कि महराजगंज के फरेन्दाएचडीएफसी बैंक में 13 लाख रुपए लूट का मामला प्रकाश में आया है। छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रकरण में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।