देवरिया के सूरज यादव की ओमान में जहाज हमले में मौत, MV Cape Dao पर थे भारतीय नाविक
ओमान तट के पास MV Cape Dao पर हुए हमले में देवरिया के नाविक सूरज यादव की मौत।
देवरिया। ओमान के तट के पास हॉर्मुज क्षेत्र में भारत आ रहे मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर बुधवार को हुए टॉरपीडो हमले में देवरिया के नाविक सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास, मस्कट ने एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है। मृतक की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कर्मजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव के रूप में हुई है।
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के अनुसार सूरज यादव जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे। हमले के दौरान जहाज के इंजन रूम में आग लग गई। ओमानी अधिकारियों और रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने जहाज पर सवार 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य सवार थे। FSUI के मुताबिक इनमें 20 भारतीय नाविक शामिल थे, जबकि भारतीय दूतावास की शुरुआती जानकारी में 19 भारतीय नागरिकों का उल्लेख किया गया था। बाद की जानकारी में भारतीय नाविकों की संख्या 20 बताई गई है।
दो टॉरपीडो से हमले का दावा
FSUI ने दावा किया है कि MV Cape Dao पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया। यूनियन के मुताबिक एक टॉरपीडो पोर्ट साइड के सी-डेक और दूसरा इंजन रूम के पास लगा। हालांकि, हमले के स्रोत और इसके लिए जिम्मेदार पक्ष की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी सूरज यादव की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि सूरज को सिर में चोट लगी थी और सरकार उनके पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
पिता कुवैत में, गांव में पसरा मातम
सूरज यादव के पिता ओम प्रकाश यादव वर्तमान में कुवैत में हैं। परिवार के अनुसार सूरज चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही कर्मजीतपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अब सूरज के पार्थिव शरीर को भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास ने बताया है कि वह ओमानी अधिकारियों, संबंधित RPSL एजेंसी और मृतक के परिवार के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और समुद्री नाविकों पर हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए नौवहन और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है।