चोरी के मामले में साले-बहनोई हिरासत में पुलिस ने रावतपार पांडेय गांव में दी दबिश

लार। थाना क्षेत्र के रावतपार पांडेय गांव निवासी एक युवक को उसके बहनोई के साथ चोरी के मामले में लार पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, अजना गांव में हुई चोरी की घटना की जांच के दौरान दोनों के नाम सामने आए। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के अजना गांव में बीते 15 सितंबर की रात खड़ग बहादुर सिंह के घर चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान रावतपार पांडेय गांव निवासी एक युवक और धूमनगर निवासी उसके बहनोई पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चोरी की घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की निशानदेही पर रावतपार पांडेय से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांव के ही एक अन्य युवक के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस इस मामले में आरोपों की पुष्टि के लिए दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है।
रात में ई-रिक्शा से निकलते थे
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आने की जानकारी दी जा रही है कि दोनों साले-बहनोई रात के समय ई-रिक्शा लेकर निकलते थे। सुनसान स्थानों और ऐसे मकानों को निशाना बनाने की बात सामने आई है, जहां चोरी करना आसान हो। चोरी के बाद सामान को बेचकर मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रावतपार पांडेय गांव निवासी एक युवक का नाम मुख्य सरगना के रूप में सामने आया है। बीती रात पुलिस उसकी तलाश में गांव पहुंची, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक पूर्व में वाहन चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसके द्वारा फिर से गिरोह संचालित किए जाने की जानकारी पुलिस को पूछताछ के दौरान मिली है। पुलिस अब इस जानकारी की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद ई-रिक्शा और पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि अजना में हुई चोरी की घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।