सलेमपुर में बस अड्डा हवा – हवाई?
पांडे एन डी देहाती
देवरिया। सलेमपुर बस अड्डा अब बन जाएगा। तब बन जाएगा। ऐसी घोषणाएं जनप्रतिनिधियों के मुंह से बहुत सुनी गई है। जमीन पर सलेमपुर का बस अड्डा कब दिखेगा? अभी तक तो समझ लीजिए कि सलेमपुर का बस अड्डा हवा हवाई ही लगता नजर आ रहा है। आगे यदि कोई सार्थक पहल हो तो हो सकता है कि मुख्य सड़क पर खड़ी होने वाली बसों को एक बेहतर ठहराव का जगह मिल सके।
सूत्र बताते हैं कि जिला प्रशासन पिछले डेढ़ वर्ष से बस अड्डा के लिए जमीन की तलाश कर रहा है। उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने कारण यह कार्य खटाई में है। पूर्व जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सलेमपुर में सरकारी बस स्टेशन बनाने के लिए जमीन की तलाश कर शासन को रिपोर्ट भेजा था। सलेमपुर सिंचाई विभाग के डाक बंगले के समीप गोदाम और उद्योग विभाग की जमीन को इसके लिए चिन्हित किया गया था। इस प्रस्तावित जमीन में जाने के लिए कोई चौड़ा रास्ता कागजों में नहीं है। इस वजह से वहां सरकारी बसें कैसे जायेंगी? यह समस्या खड़ी हो जायेंगी।
ताजी जानकारी के अनुसार मौजूदा जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने स्थलीय निरीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट शासन को भेजकर पूरी स्थिति से अवगत करा दिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही लोगों को बस अड्डा का लाभ मिलेगा। अगर कोई दिक्कत आएगी तो ऐसी दशा में अब सलेमपुर में नया बस स्टेशन बनाने के लिए फिर से जमीन की तलाश करनी पड़ेगी।