ब्राह्मण महापंचायत : 5 लाख से अधिक ब्राह्मणों ने भरी हुंकार, सियासत से लेकर सामाजिक मुद्दों पर चिंतन

एम के पाण्डेय ‘निल्को’ , जयपुर |  राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं। इस चुनावी साल में अलग-अलग समाज अपनी ताकत दिखाने में जुटे हैं। बीते 5 मार्च को जयपुर में जाट महाकुंभ का आयोजन किया गया था। अब रविवार को ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया गया। विद्याधर नगर स्टेडियम में हुए इस ब्राह्मण महापंचायत में पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, लोकसभा सांसद रामचरण बोहरा, चित्तौड़गढ सांसद सीपी जोशी शामिल हुए। इनके अलावा राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी समेत कई नेता इस महापंचायत में पहुंचे। आयोजकों ने आह्वान किया कि जो तादाद इस महासम्मेलन में उमड़ी है, यही लोग राजस्थान की सरकार का भविष्य तय करेंगे।

ब्राह्मण महापंचायत की शुरुआत मंत्रोच्चारण के बीच वैदिक परंपरा के साथ हुई। इसमें परशुराम का डाक टिकट जारी किया गया। वहीं हिन्दू रिलीजन एक्ट बनाने की बात हुई। वक्ताओं ने हिंदू मंदिरों पर हिंदुओं के अधिकार की बात की। मंदिरो के पुजारियों को सम्मानजनक भत्ता और ईडब्ल्यूएस आरक्षण को 10 से 14 प्रतिशत करने के साथ आरक्षण को पंचायतीराज में लागू करने की मांग उठाई। इस बीच परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित करने की भी मांग उठाई।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जो एकता आपने दिखाई, इस एकता को ऐसा ही हमेशा बनाए रखना। आज ऐतिहासिक काम यह हुआ है कि भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी हुआ है, यह सब आप की एकता का परिणाम है। हमारी यह एकता राष्ट्र के निर्माण में और अधर्म को दूर करने में लगेगी। आप लोग धर्म को धारण करने वाले हो, आप धर्म की रक्षा करने वाले हो। परशुरामजी ने भगवान शिव से विराट तपस्या के बाद धर्म की रक्षा के लिए फरसा प्राप्त किया था। सब में यही ऊर्जा और एकता रहनी चाहिए। मैं आपका भाई हूं। आप मुझे कभी सर मत बोलना। मुझे कभी अश्विनी जी मत बोलना, मुझे केवल अश्विनी भाई बोलना।

यह भी देखें  Mannu Ansari raised his voice in the assembly regarding the University

रेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान को आज से 10 साल पहले 600 करोड़ मिलते थे। अब राजस्थान को 9532 करोड़ का अनुदान रेलवे से मिल रहा है। राजस्थान के 82 रेलवे स्टेशनों का वर्ल्ड क्लास स्टेशन के तौर पर निर्माण किया जाएगा। इनमें आबू रोड, अजमेर, अलवर ,आसलपुर ,जोबनेर, बालोतरा ,बांदीकुई, बारां, बाड़मेर, ब्यावर,भरतपुर, भवानी मंडी, भीलवाड़ा, विजयनगर, बीकानेर, बूंदी, चंदेरिया, छबड़ा, चित्तौड़गढ़ जंक्शन, चूरू ,रतानिया कला, देशनोक, डेगाना, डीडवाना, फालना,फतहनगर, गांधीनगर जयपुर, फतेहपुर शेखावाटी, गंगापुर सिटी शामिल है।


इस दौरान सांसद घनश्याम तिवाड़ी, रामचरण बोहरा, मंत्री महेश जोशी, पूर्व मंत्री रघु शर्मा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के साथ बड़ी संख्या में राजनेता भी पहुंचे। सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि हिंदुओ के मंदिर पर सिर्फ हिंदुओ का अधिकार होना चाहिए। विप्र सेना प्रमुख सुनील तिवाड़ी ने कहा कि न मुझे कभी चुनाव लडना है न मेरे परिवार में किसी को राजनीति में आना है। मंदिर की जमीनों पर कोई अधिकार करे तो सरकार उसे हटाएं। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि अगर कोई बहन बेटी को परेशान करे तो भगवान परशुराम की तरह काम करो। विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण सबका भला चाहता है।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!