जयपुर में राकेश्वर महादेव मंदिर के सेवादार की निर्मम हत्या
जयपुर। राजधानी के सोडाला थाना अंतर्गत राकड़ी मे 25 जनवरी की रात राकेश्वर महादेव मंदिर के सेवादार की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने 70 वर्षीय सेवादार के मुंह में कपड़ा ठूंसकर और गला घोंट कर हत्या की। सेवादार के हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए गए थे और बेरहमी से उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया था।
70 वर्षीय मृतक गिर्राज मेहरा का घर मंदिर से करीब आधा किलोमीटर दूर है । वे एनबीसी से रिटायर हुए थे और 10 वर्षों से मंदिर में देख रेख कर रहे थे। सोमवार रात 8 बजे गिर्राज का बेटा खाना खिलाकर वापस घर लौटा गया था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय महिलाएं मंदिर में पूजा करने पहुंची, तब वारदात का पता चला। सूचना पर मृतक का बेटा राजेन्द्र व अन्य परिजन वहां पहुंचे। पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और एफएसएल, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉयड को मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अजयपाल लांबा के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) हरेंद्र महावर, पुलिस उपायुक्त जयपुर (क्राइम) दिगंत आनंद, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण अवनीश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर (क्राइम )सुलेश चौधरी, सोडाला सहायक पुलिस आयुक्त भोपाल सिंह भाटी, सहायक पुलिस आयुक्त चिरंजीलाल मीणा, सहायक पुलिस आयुक्त संजीव चौधरी सहित दक्षिण जिले के सभी स्पेशल टीम के पुलिसकर्मी, कमिश्नरेट स्पेशल टीम और जिला स्पेशल टीम, डॉग स्क्वायड, एफएसएल टीम जुटी हुई है। पुलिस टीमों द्वारा सौ से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। मंदिर के सामने से निकलने वाली सड़क के दोनों छोर पर अवैध रूप से शराब का कारोबार होता है। मंदिर में अक्सर देर रात तक शराबियों की बैठकी होती है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि नशेड़ियों से विवाद के बाद सेवादार की हत्या की गई है। पुलिस की आधा दर्जन टीमें हत्यारों का सुराग लगाने में लगी हैं।