भागवत भगत के जन्मदिन पर उप मुख्यमंत्री ने दी विकास की सौगात
- भागवत भगत के नाम से इंटर कालेज बनाये जाने का दिया आश्वासन
- सलेमपुर से तुरतीपार तक की सडक के फोरलेन बनाये जाने की, की घोषणा
देवरिया। सोमवार को बंगरा बाजार में किसान मेला लगा। स्वतन्त्रता के संघर्ष में खंजड़ी बजाकर आंदोलनकारियों में जोश भरने वाले स्वर्गीय भागवत भगत की जयंती थी। महान समाजवादी भगत जी के जन्मदिन पर भगवामय हुए बंगरा बाजार में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चार दर्जन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सड़क मार्ग से आये मौर्य का जगह जगह स्वागत हुआ। उपमुख्यमंत्री जी ने बंगरा बाज़ार में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चौमुखी विकास हेतु उत्तर प्रदेश लोकनिर्माण विभाग व उत्तर प्रदेश सेतु निगम की कुल 50 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
उन्होंने सलेमपुर-नवलपुर-भागलपुर होते तुर्तीपार तक की सड़क को फोरलेन बनाएं जाने की घोषणा की। इसके अलावा सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य 261 करोड़ 93 लाख की लागत से कराएं जाने की घोषणा की। मंच पर उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, कृषि मन्त्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद रविंद्र कुशवाहा को भाजपा नेता व देवरिया कुशीनगर स्थानीय निकाय के संभावित प्रत्याशी अमित कुमार सिंह बबलू व भाजपा जिलाउपाध्यक्ष जयनाथ गुड्डन ने फूलों की विशालकाय माला पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि भागवत भगत खजड़ी के माध्यम से लोगों को आजादी के लिए जागरूक किए और आजादी के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत्र है। उन्होंने कहा कि सलेमपुर, देवरिया प्रदेश में विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार किसानों, कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम कर रही है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसका बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक बन सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कोरोना संकट में भी किसी को भूखे नहीं रहने दिया गया। प्रधानमंत्री नहीं होते तो यह सुविधा नहीं होती। किसानों के खाते में सीधे 461 लाख करोड़ से ज्यादा रुपये भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कोरोना वैक्सीन के मामले में विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उसे भाजपा की वैक्सीन कह रहे हैं। यह देश के वैज्ञानिकों व डॉक्टरों का घोर अपमान है। आने वाले चुनाव में जनता उनको माफ नहीं करेगी।
कार्यक्रम के आयोजक सांसद रविंद्र कुशवाहा ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह को सदर सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विधायक सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेश तिवारी, विधायक काली प्रसाद, विधायक धनंजय कन्नौजिया, विधायक संजय यादव, रमाशंकर कुशवाहा, राजकुमार शाही, गिरीश तिवारी, राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह, केतकी सिंह, अश्वनी सिंह, महेंद्र यादव, अमित सिंह बबलू , जयनाथ कुशवाहा, बिंदा कुशवाहा, दिलीप बघेल, ब्रजेश कुशवाहा, गौरीशंकर, जगदीश नरायण मिश्र, जगदीश यादव, संजय पटेल, अजय दूबे, गंगा कुशवाहा आदि ने सम्बोधित किया। समारोह की अध्यक्षता जगदीश नरायण मिश्र और संचालन संतोष पटेल ने किया।